Homeखटाखट स्टोरीBikaner : अब आधी रात के बाद गुलजार नहीं रहेगा बारहगुवाड़ चौक!...

Bikaner : अब आधी रात के बाद गुलजार नहीं रहेगा बारहगुवाड़ चौक! दुकानदारों और निवासियों ने लिया बड़ा फैसला, जानिए क्या है वजह?

Bikaner आपणी हथाई न्यूज, शहर के परकोटे की पहचान केवल इसकी ऐतिहासिक इमारतों और संकरी गलियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की रातें भी अपनी अलग ही रौनक रखती हैं। चौक-चौराहों पर पाटों की बैठकी, दोस्तों के बीच हंसी-ठिठोली और देर रात तक चलने वाली चाय-नाश्ते की दुकानें बीकानेर की पुरानी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रही हैं। यही वजह है कि परकोटे को रातों में भी जागने वाला शहर कहा जाता है।

आमतौर पर परकोटे की कई दुकानें शाम ढलने के बाद गुलजार होती हैं और चाय, नाश्ते व खानपान के शौकीनों की आवाजाही देर रात 2 से 3 बजे तक बनी रहती है। लेकिन अब बारहगुवाड़ चौक में रात की इस रौनक पर समय की पाबंदी लगाने का निर्णय लिया गया है। यहां के निवासियों और व्यापारियों ने आपसी सहमति से तय किया है कि रात 12:30 बजे तक सभी दुकानें बंद कर दी जाएंगी।

बताया जा रहा है कि शहर में लगातार सामने आ रही चोरी और आपराधिक घटनाओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। स्थानीय लोगों और दुकानदारों का मानना है कि देर रात तक बाजार खुला रहने के कारण सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियां बढ़ सकती हैं। ऐसे में निर्धारित समय पर दुकानें बंद करने का निर्णय लिया गया है।

हालांकि, इस फैसले के बाद एक सवाल भी चर्चा में है कि क्या सुरक्षा के लिहाज से यह कदम जरूरी है या फिर इससे बीकानेर की रातों की पारंपरिक रौनक प्रभावित होगी? आप इस निर्णय को किस नजरिए से देखते हैं? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर साझा करें।



ताजा खबर