Homeक्राइमBikaner Fraud : बीकानेर में पकड़े गए अंतरराज्यीय गैंग के दो शातिर...

Bikaner Fraud : बीकानेर में पकड़े गए अंतरराज्यीय गैंग के दो शातिर आरोपी, नकली सोने का लालच देकर की थी 7 लाख की ठगी

Bikaner Fraud आपणी हथाई न्यूज, राजस्थान की नागौर पुलिस ने जमीन में सोना मिलने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाली अंतरराज्यीय वागरी गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन दोनों आरोपियों को बीकानेर जिले के लूणकरणसर से पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जालौर निवासी रवि कुमार और मूलाराम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह अलग-अलग राज्यों में भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाकर लाखों रुपये की ठगी करता था।

 

ठगी की वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने पहले पीड़ित से नजदीकियां बढ़ाईं। देशी गाय का घी खरीदने के बहाने संपर्क किया और धीरे-धीरे धर्म का भाई बनकर उसका विश्वास जीत लिया। इसके बाद आरोपियों ने जमीन की खुदाई में सोना मिलने की कहानी सुनाई। पीड़ित को भरोसा दिलाने के लिए असली सोने का एक नमूना भी दिखाया गया, जिसके बाद नकली सोना असली बताकर बेचने का सौदा तय कर लिया गया।

 

पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर को आरोपियों ने नागौर के गांधी चौक पर पीड़ित से संपर्क किया था। इसके बाद 29 सितंबर को सात लाख रुपये और घी लेकर उसे बुलाया गया। यहां आरोपियों ने सोने के नाम पर नकली धातु से भरी थैली थमा दी और सात लाख रुपये लेकर फरार हो गए। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद नागौर कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

 

आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने शहर और आसपास के इलाकों में लगे 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को बीकानेर के लूणकरणसर से गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गैंग के सदस्य फूल और कांच का सामान बेचने के बहाने अलग-अलग शहरों में घूमते थे और इसी दौरान लोगों को जमीन में सोना मिलने का लालच देकर ठगी का शिकार बनाते थे।

 

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने राजस्थान के अलावा मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक में भी इस तरह की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। श्रीगंगानगर से लेकर जयपुर और बीकानेर सहित राजस्थान के कई जिलों में इस गिरोह की सक्रियता सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों से पूछताछ में उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में हुई ठगी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।

 



ताजा खबर