Homeखटाखट स्टोरीBikaner: एमजीएसयू की बड़ी उपलब्धि: सभी लंबित परीक्षा परिणाम घोषित, अब सिर्फ...

Bikaner: एमजीएसयू की बड़ी उपलब्धि: सभी लंबित परीक्षा परिणाम घोषित, अब सिर्फ बीएड स्पेशल का इंतजार

आपणी हथाई Bikaner न्यूज, महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर ने परीक्षा परिणामों के प्रकाशन को लेकर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय ने आज विभिन्न परीक्षाओं के शेष सभी लंबित परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। इसके साथ ही विश्वविद्यालय में परीक्षा परिणाम जारी करने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई है। अब केवल बीएड स्पेशल का परीक्षा परिणाम घोषित होना शेष है।

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजाराम चोयल ने बताया कि विद्यार्थियों को समय पर परीक्षा परिणाम उपलब्ध करवाना विश्वविद्यालय प्रशासन की प्राथमिकता रही है। इसी उद्देश्य से परीक्षा विभाग द्वारा निरंतर प्रयास करते हुए सभी लंबित परिणामों को जारी करने की प्रक्रिया पूरी की गई है। आज घोषित परिणामों के साथ ही अब बीएड स्पेशल को छोड़कर विश्वविद्यालय का कोई अन्य परीक्षा परिणाम लंबित नहीं है।

उन्होंने बताया कि बीएड स्पेशल का परीक्षा परिणाम भी आवश्यक औपचारिकताएं एवं प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद घोषित कर दिया जाएगा।

सभी लंबित परिणाम जारी होने से विश्वविद्यालय एवं उससे संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। अब विद्यार्थी बिना किसी अनावश्यक प्रतीक्षा के अपनी आगामी शैक्षणिक योजनाओं, उच्च शिक्षा में प्रवेश एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा परिणामों के त्वरित एवं समयबद्ध प्रकाशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले परीक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की है।



ताजा खबर