
Bikaner आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर के देवीसागर कुंड में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। कुंड में कमल का फूल निकालने के लिए उतरे करीब 14-15 वर्षीय किशोर की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रामप्रसाद के रूप में हुई है, जो बीकानेर के लूणकरणसर क्षेत्र का निवासी था और यहां एक आश्रम में रहता था। बताया जा रहा है कि वह कुंड में कमल का फूल लेने के लिए पानी में उतरा था। इसी दौरान पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण वह डूब गया। हादसे में उसकी जान चली गई।
घटना की सूचना मिलने पर विधायक जेठानंद व्यास मौके पर पहुंचे। वहीं, थानाधिकारी देवेंद्र सिंह पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्रशासन की मदद से किशोर के शव को कुंड से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद मौके पर शोक का माहौल रहा।


