
Politics आपणी हथाई न्यूज, आगामी पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों को गति देने और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार, 13 अक्टूबर को ग्राम नाल में पंचायतीराज चुनाव सम्मेलन-2026 का आयोजन किया जाएगा। रोशनी घर (जीएसएस) के पास सुबह 10:30 बजे होने वाले इस सम्मेलन में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। सम्मेलन में बीकानेर जिले सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पंचायतीराज जनप्रतिनिधियों, किसानों, युवाओं और आमजन के पहुंचने की संभावना है।
सम्मेलन की तैयारियों को लेकर पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविन्दराम मेघवाल ने समीक्षा बैठक की। बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। मेघवाल ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य आगामी पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को एकजुट करना और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
मेघवाल ने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि बीकानेर संभाग में सिंचाई और पेयजल के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पानी की मांग को लेकर चल रहे आंदोलनों तथा खाजूवाला, घड़साना और अनूपगढ़ क्षेत्र में मंडियों के बंद रहने से किसानों और व्यापारियों को हो रही दिक्कतों का मुद्दा उठाया। उन्होंने किसानों की आठ रोजा बारी से पानी देने की मांग पर सरकार से गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता जताई।
पूर्व मंत्री ने प्रदेश में भ्रष्टाचार, महंगाई, कानून-व्यवस्था और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधने की बात कही। उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं और नागरिकों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की निंदा की। इसके साथ ही बीकानेर क्षेत्र में सोलर ऊर्जा परियोजनाओं में कथित भ्रष्टाचार और स्थानीय लोगों के अधिकारों की अनदेखी के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई।
मेघवाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पंचायतीराज जनप्रतिनिधियों, किसानों, युवाओं और आमजन से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनभागीदारी से सम्मेलन को सफल बनाने के साथ आगामी पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा।


