
Bikaner आपणी हथाई न्यूज, शहर में पति-पत्नी के बीच आर्थिक लेन-देन से जुड़ा एक मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर बिना सहमति बैंक खाते से 52 लाख रुपये निकालने और बैंक से जुड़े जरूरी दस्तावेज चोरी करने का आरोप लगाया है। परिवादी की रिपोर्ट पर जय नारायण व्यास कॉलोनी (जेएनवीसी) थाना पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, विराट नगर, मरुधर कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय सुरेश कुमार जाट ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवादी का आरोप है कि उसकी पत्नी अनिता पुत्री शिशपाल जाट ने कथित तौर पर छलपूर्वक उसकी जानकारी और सहमति के बिना बैंक खाते से 52 लाख रुपये निकाल लिए।
परिवादी ने यह भी आरोप लगाया है कि पत्नी ने उसके चेक, बैंक डायरी, एटीएम कार्ड और बैंकिंग से संबंधित अन्य जरूरी कागजात भी चोरी कर लिए। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपों की जांच की जा रही है और मामले में आगे की स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


