HomeबीकानेरBikaner: एसबीआई आरसेटी बीकानेर में सॉफ्ट टॉयज़ मेकिंग एवं सेलिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम...

Bikaner: एसबीआई आरसेटी बीकानेर में सॉफ्ट टॉयज़ मेकिंग एवं सेलिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ समापन

आपणी हथाई Bikaner न्यूज,भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (एसबीआई आरसेटी) बीकानेर में आयोजित सॉफ्ट टॉयज़ मेकिंग एवं सेलिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफल समापन हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय स्टेट बैंक की जय नारायण व्यास कॉलोनी शाखा के प्रबंधक श्री राकेश वर्मा उपस्थित रहे।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 35 महिलाओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार के सॉफ्ट टॉयज़ बनाने, डिज़ाइनिंग, गुणवत्ता सुधार, पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग की जानकारी दी गई। इस दौरान नेशनल एकेडमी ऑफ RUDSETI (NAR), बेंगलुरु की टीम द्वारा प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया।

मुख्य अतिथि श्री राकेश वर्मा ने कहा कि स्वरोजगार आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इस प्रकार के प्रशिक्षण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रेरित किया कि वे सीखे गए कौशल को स्वरोजगार से जोड़कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सशक्त बनाएँ।

आरसेटी निदेशक श्री रूपेश शर्मा ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार उन्मुख प्रशिक्षण देकर उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद संस्थान प्रतिभागियों को ऋण सुविधा एवं अन्य सहयोग उपलब्ध कराएगा ताकि वे अपने व्यवसाय की शुरुआत कर सकें।

समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। महिलाओं ने इस प्रशिक्षण को आत्मनिर्भरता की दिशा में एक उपयोगी पहल बताया।अंत में कार्यक्रम समन्वयक सुश्री सना मिर्जा ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।



ताजा खबर