

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर जिले के किसनासर रोही क्षेत्र में भारतमाला रोड पर एक ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान हरियाणा के हिसार जिले की आदमपुर मंडी निवासी 49 वर्षीय राधेश्याम विश्नोई के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार राधेश्याम विश्नोई ट्रक लेकर भारतमाला रोड पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि 12 जून की शाम करीब चार बजे उन्होंने सीने में तेज दर्द होने की शिकायत की थी। तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने ट्रक मालिक सुनील बोहरा को फोन कर अपनी हालत के बारे में बताया। इस पर ट्रक मालिक ने उन्हें दवा लेने की सलाह दी।
इसके बाद राधेश्याम ने भारतमाला रोड स्थित रेस्ट एरिया के पास ट्रक खड़ा कर दिया। कुछ देर बाद जब आसपास मौजूद लोगों ने ट्रक के भीतर देखा तो वह अचेत अवस्था में पड़े मिले। मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। प्रारंभिक तौर पर मामला हृदयाघात से जुड़ा माना जा रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


