

आपणी हथाई Breaking News: शहर के नथूसर गेट क्षेत्र में नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार भारतीय स्टेट बैंक के कर्मचारी केशव दत्ता आचार्य हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। पीबीएम हॉस्पिटल में गंभीर रूप से घायल आचार्य का इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, गोकुल सर्कल से पुष्कर स्टेडियम की ओर जाने वाली सड़क पर कचरा संग्रहण के दौरान निगम का वाहन केशव दत्ता आचार्य को अपनी चपेट में लेने के बाद कथित तौर पर कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।

यह पहला मौका नहीं जब ऐसा हादसा हुआ हो, इससे पहले भी बीते एक महीने में निगम की गाड़ियों से दुर्घटना हो चुकी है। इन हादसों ने नगर निगम की कचरा संग्रहण व्यवस्था और इन वाहनों के संचालन में बरती जा रही सुरक्षा सावधानियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासतौर पर वाहन चालकों की योग्यता, ड्राइविंग लाइसेंस, प्रशिक्षण और वाहनों के संचालन की निगरानी को लेकर जांच की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
शहर की सफाई व्यवस्था के साथ नागरिकों की सुरक्षा भी नगर निगम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदारी तय करने और व्यवस्था में आवश्यक सुधार करने की जरूरत है।



