


आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तोलियासर स्थित अस्पताल में तैनात एक महिला नर्सिंग ऑफिसर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी नर्सिंग ऑफिसर की पहचान रेखा के रूप में हुई है, जिसे 1500 रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया गया। इस सफल ऑपरेशन का नेतृत्व एसीबी के पुलिस निरीक्षक जयकुमार और पिंकी गंगवाल ने किया, जिन्होंने जाल बिछाकर भ्रष्टाचार के इस खेल का पर्दाफाश किया।
एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार, नर्सिंग ऑफिसर रेखा ने एक महिला से ‘ममता कार्ड’ (गर्भावस्था एवं टीकाकरण रिकॉर्ड) बनाने के बदले में अवैध रूप से 1500 रुपये की मांग की थी। पीड़ित की शिकायत पर एसीबी ने शुक्रवार को जाल बिछाया और जैसे ही रिश्वत की राशि का लेनदेन हुआ, टीम ने दबिश देकर रेखा को हिरासत में ले लिया। फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


