

Bikaner आपणी हथाई न्यूज, छब्बीस जून को खाजूवाला पुलिस थाने से गायब हुई दिल्ली हेड कांस्टेबल अनिल यादव की बाइक सोमवार को अचानक से पुलिस को मिल गई है। बाइक बरामद के बाद पूरे पुलिस थाने ने राहत की सांस ली है। बरहाल बुलेट बाइक को थाना परिसर में रखवाया गया है।
जानकारी के अनुसार खाजूवाला के चक 3 बीजीएम गुल्लूवाली निवासी अनिल यादव दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में हेड कांस्टेबल है। वह अपने गांव आता-जाता रहता है। दो-ढाई माह पूर्व गांव से दिल्ली जाते समय उसने अपनी बाइक सुरक्षा की दृष्टि से खाजूवाला थाना परिसर में खड़ी की और वहां तैनात अपने परिचित को
बता दिया था। बाद में अचानक उसकी बाइक थाना परिसर से गायब हो गई। अनिल दिल्ली से खाजूवाला पहुंचा तो उसे अपनी बाइक नहीं मिली। उसने 26 जून को थाने में बाइक चोरी की रिपोर्ट दी। उसके बाद मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आया। अब अचानक थाना परिसर से चोरी हुई हेड कांस्टेबल की बाइक मिल गई है। सीओ आकांक्षा चौधरी ने बताया कि अनिल की बाइक खाजूवाला-दंतौर रोड पर एक होटल के पीछे लावारिस हालत में खड़ी मिली है, जिसे थाने में रखवाया गया है। परिवादी को सूचना दी गई है। उसके आने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। पूरे मामले की जांच की जा रही है।


