



Bikaner Crime आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर पुलिस ने फर्जी खाद एवं कीटनाशक डीलरशिप के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को हरियाणा के कुरुक्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ नोखा थाने में मामला दर्ज था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विक्रम सिंह उर्फ सज्जन (46) निवासी सुल्तानपुर, जिला कुरुक्षेत्र (हरियाणा) ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी कंपनियां बनाईं और खुद को प्रतिष्ठित खाद कंपनियों का प्रतिनिधि बताकर व्यापारियों को डीलरशिप दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने बड़ी मात्रा में माल उपलब्ध कराने के नाम पर लाखों रुपये अलग-अलग बैंक खातों में जमा करवाए, लेकिन न तो माल भेजा और न ही रकम लौटाई।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने गुजरात की एक कंपनी का प्रतिनिधि बनकर विश्वास हासिल किया और करीब 15.76 लाख रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। शिकायत दर्ज होने के बाद वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कुरुक्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने फर्जी कंपनियों के माध्यम से राजस्थान, हरियाणा, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों के व्यापारियों को निशाना बनाने की बात स्वीकार की है।
पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और इस गिरोह से जुड़े नेटवर्क की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में कई और ठगी के मामलों का खुलासा हो सकता है।


