Homeक्राइमBikaner Crime : पीबीएम ट्रोमा सेंटर में देर रात सनसनी, घायल युवक...

Bikaner Crime : पीबीएम ट्रोमा सेंटर में देर रात सनसनी, घायल युवक तक पहुंचने की कोशिश में आए हथियारबंद बदमाश

basic ad

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर शहर में लगातार बढ़ रही फायरिंग, मारपीट और गैंगवार जैसी घटनाओं ने आमजन की चिंता बढ़ा दी है। बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान भी सुरक्षित नजर नहीं आ रहे। बुधवार देर रात पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में हुई एक घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

जानकारी के अनुसार मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र की रामपुरा बस्ती स्थित गली नंबर 18 में सोमवार को लेनदेन के विवाद को लेकर दो पक्षों में फायरिंग हुई थी। इस दौरान मुकेश विश्नोई नामक युवक के पैर में गोली लग गई थी, जिसे उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती करवाया गया था।

बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात कुछ संदिग्ध युवक ट्रोमा सेंटर में पहुंचे और घायल युवक तक पहुंचने की कोशिश करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवकों के पास हथियार भी थे, जिससे वहां मौजूद मरीजों और परिजनों में दहशत फैल गई। वार्ड में तैनात पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं तो तुरंत पूछताछ शुरू की गई।

खुद को घिरता देख आरोपी मौके से भाग निकले। सुरक्षाकर्मियों ने उनका पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर सभी फरार हो गए। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी और दो थानों की टीम मौके पर पहुंची तथा ट्रोमा सेंटर की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई।

एहतियात के तौर पर घायल मुकेश विश्नोई को दूसरे सुरक्षित वार्ड में शिफ्ट किया गया है। फिलहाल पुलिस अस्पताल परिसर और ट्रोमा सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्ध युवकों की पहचान की जा सके। घटना के बाद शहर में कानून व्यवस्था और अस्पताल सुरक्षा को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

 



ताजा खबर