Homeक्राइमBikaner Crime : 20 मिनट में खाते से उड़ाए रुपये, गंगाशहर के...

Bikaner Crime : 20 मिनट में खाते से उड़ाए रुपये, गंगाशहर के व्यापारी के साथ साइबर ठगी

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर के गंगाशहर क्षेत्र में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां रेडीमेड गारमेंट व्यवसायी के खाते से महज 20 मिनट के भीतर पांच लाख रुपए से अधिक की राशि पार कर दी गई। पीड़ित व्यापारी चंचल कुमार बोथरा ने इस संबंध में साइबर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। घटना के बाद व्यापारिक वर्ग में भी चिंता का माहौल है।

परिवादी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 29 मई की शाम करीब 7:30 बजे उनके मोबाइल पर खाते से 50 हजार रुपए निकलने का मैसेज आया। अचानक खाते से राशि कटने की सूचना मिलते ही वह हैरान रह गए। इसके बाद अगले करीब 20 मिनट में खाते का पूरा बैलेंस साफ हो गया। ठगी का पता चलते ही उन्होंने तत्काल ऑनलाइन माध्यम से साइबर थाने में शिकायत दर्ज करवाई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार व्यापारी ने कुछ दिन पहले गूगल पर किसी डॉक्टर का मोबाइल नंबर सर्च किया था। आशंका जताई जा रही है कि उसी दौरान किसी संदिग्ध लिंक या एपीके फाइल के जरिए साइबर ठगों ने मोबाइल तक पहुंच बना ली होगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तकनीकी जांच में जुटी हुई है और खाते से राशि ट्रांसफर होने के स्रोतों का पता लगाया जा रहा है।

साइबर विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि अनजान लिंक, एपीके फाइल या मोबाइल एप डाउनलोड करने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत बैंक व साइबर हेल्पलाइन को सूचना दें।

 



ताजा खबर