


Aapni Hathai Bikaner crime News,बीकानेर के नयाशहर थाना क्षेत्र स्थित डीडू सिपाहियान मोहल्ले में हुए चाकूबाजी प्रकरण की जांच को लेकर पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फैसला सामने आया है। मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी (आईओ) को जांच में कथित ढिलाई बरतने के आरोपों के बाद सीमा क्षेत्र के खाजूवाला थाने में स्थानांतरित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले हुए चाकूबाजी मामले में दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया गया था कि नशीले पदार्थों की बिक्री का विरोध करने पर इरफान अली पर चाकू और लाठियों से हमला किया गया। इस मामले में मोइन खान, दानिश और सोहन खान को आरोपी बनाया गया था।
पीड़ित पक्ष ने जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की। शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन ने प्रकरण की समीक्षा की और जांच अधिकारी को वर्तमान पद से हटाकर खाजूवाला थाना क्षेत्र में नियुक्त कर दिया।
वहीं, मामले की जांच अब अन्य अधिकारी को सौंप दी गई है। पुलिस ने इस प्रकरण में एक आरोपी सोहन खान को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी मोइन खान और दानिश अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।


