

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र स्थित कुम्हारों के मोहल्ले में सोमवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान बबलू कुम्हार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले बबलू और शिवलाल कुम्हार के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसी विवाद की रंजिश सोमवार रात हिंसक झगड़े में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात बबलू अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी शिवलाल अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद आरोपियों ने एकराय होकर बबलू पर हमला कर दिया। इस दौरान उसकी कमर में चाकू घोंप दिया गया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल अवस्था में परिजनों और स्थानीय लोगों ने बबलू को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच और सोनोग्राफी के बाद उसे ऑपरेशन थिएटर में शिफ्ट किया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक युवक की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही गंगाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाधिकारी परमेश्वर सुथार के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है।


