


Bikaner Crime आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर शहर में मंगलवार दोपहर फर्जी पुलिसकर्मियों के रूप में घूम रहे दो शातिर बदमाशों ने पुलिस का डर दिखाकर दो अलग-अलग स्थानों पर ठगी की वारदातों को अंजाम दिया। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों को अपने झांसे में लिया और सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटनाओं के बाद शहर में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार दाऊजी रोड क्षेत्र में बाइक पर सवार दो युवकों ने एक व्यक्ति को रोक लिया। दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए किसी जांच और कार्रवाई का हवाला दिया तथा व्यक्ति को डराते हुए हाथ में पहना सोने का कड़ा उतारकर सुरक्षित रखने की सलाह दी। भरोसा जीतने के बाद आरोपियों ने कड़ा अपने कब्जे में ले लिया और उसकी जगह नकली सामान थमा दिया। बदमाशों के जाने के कुछ देर बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।
पहली वारदात के कुछ समय बाद ही वही आरोपी भीनासर क्षेत्र पहुंच गए। यहां टैक्सी से उतरी दो महिलाओं को उन्होंने अपना निशाना बनाया। आरोपियों ने महिलाओं को समझाया कि इलाके में चोरी की घटनाएं हो रही हैं और पुलिस जांच के दौरान गहनों को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें उतार देना चाहिए। झांसे में आई महिलाओं ने कानों के झुमके और लॉकेट उतार दिए। बदमाशों ने गहने लेकर कागज में कंकड़ लपेटकर महिलाओं के हाथ में थमा दिए और मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद जब महिलाओं ने कागज खोला तो उनके होश उड़ गए।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी केएमआर होटल क्षेत्र से होते हुए बरसिंगसर रोड की तरफ भाग निकले। सूचना मिलते ही कोतवाली और गंगाशहर थाना पुलिस हरकत में आई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध बाइक सवारों की तस्वीरें सामने आई हैं। उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है और शहर के विभिन्न इलाकों में तलाश की जा रही है।
सावधानी ही बचाव
पुलिस लगातार लोगों से अपील कर रही है कि यदि कोई व्यक्ति खुद को पुलिसकर्मी बताकर सड़क पर गहने या कीमती सामान उतरवाने की बात करे तो उसकी पहचान सुनिश्चित करें और तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें।
उठ रहे हैं कई सवाल
दिनदहाड़े शहर के अलग-अलग इलाकों में एक ही तरीके से दो वारदातों को अंजाम देना सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर फर्जी पुलिसकर्मी बनकर घूम रहे बदमाश शहर में इतनी आसानी से लोगों को निशाना कैसे बना रहे हैं और आमजन को ऐसे गिरोहों से बचाने के लिए क्या अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे।


