


Bikaner Crime आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम कसने और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। नयाशहर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिछले तीन साल से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी पुलिस की लगातार गोपनीय निगरानी, मुखबिरों की सटीक सूचना और तकनीकी साक्ष्यों का परिणाम है।

पुलिस महानिरीक्षक (बीकानेर रेंज) ओमप्रकाश और पुलिस अधीक्षक (बीकानेर) मृदुल कच्छावा के निर्देशों पर जिले भर में नशे के खिलाफ यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के निर्देशन और वृत्ताधिकारी (नगर) अनुज डाल के निकट सुपरविजन में नयाशहर थानाधिकारी रोहित चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस पुलिस टीम ने तस्करों के संभावित ठिकानों पर लगातार नजर रखी और सुराग जुटाए।
मुखबिरों से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने नोखा पुलिस थाना क्षेत्र के ग्राम कुदसू में दबिश दी। यहाँ से पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत दर्ज मुकदमा नंबर 206/2023 में वांछित आरोपी सुनील कुमार बिश्नोई (पुत्र चेनाराम, निवासी वार्ड नंबर 2, कुदसू, बीकानेर) को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार, आरोपी सुनील पिछले तीन साल से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। पुलिस अब पकड़े गए आरोपी से मादक पदार्थों के नेटवर्क और उसके अन्य साथियों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।


