


आपणी हथाई न्यूज, बज्जू (बीकानेर)। जिले के बज्जू थाना क्षेत्र के 6 BDY इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक खेत में फसल काट रहे पिता-पुत्र पर खूंखार तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में घबराने के बजाय ओम प्रकाश और उनके पुत्र कमल मेघवाल ने अदम्य साहस का परिचय दिया। पास ही मौजूद फसल काटने के औजार ‘दरांती’ को हथियार बनाकर दोनों ने तेंदुए का डटकर मुकाबला किया। इस खूनी संघर्ष के बाद घायल होकर तेंदुआ वहां से भाग खड़ा हुआ।
खाले में मिला शव, मौत पर सस्पेंस घटना के कुछ देर बाद राववाला निवासी सदाम खान और आदिल खान ने प्रशासन को सूचना दी कि नहर के एक खाले में तेंदुए का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। हालांकि ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि हमले से आक्रोशित भीड़ ने तेंदुए को पीट-पीटकर मार डाला, लेकिन विभाग की ओर से अभी इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
रणजीतपुरा थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मृत तेंदुए को बज्जू अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस और वन विभाग हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल, इस घटना ने वन्यजीव प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।


