

आपणी हथाई न्यूज,बीकानेर में सोमवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajan Lal Sharma) के प्रस्तावित दौरे से पहले बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया। एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी परिसर के आसपास सफाई कार्य में लगे नगर निगम के 13 संविदा श्रमिक फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए।
बताया जा रहा है कि बीछवाल स्थित श्री अन्नपूर्णा रसोई योजना (पूर्व में इंदिरा रसोई) से मंगाए गए भोजन में छिपकली मिलने के बाद श्रमिकों की तबीयत बिगड़ गई। खाना खाने के कुछ देर बाद ही श्रमिकों को उल्टियां और घबराहट होने लगी, जिसके बाद सभी को तुरंत पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया।
संविदा फर्म के सुपरवाइजर ताराचंद चंदेलिया ने बताया कि नगर निगम की ओर से भोजन उपलब्ध नहीं करवाया गया था, इसलिए श्रमिकों ने रसोई योजना से खाना मंगवाया था। वहीं पीबीएम चौकी प्रभारी साहबराम के अनुसार शुरुआती जांच में खाने में छिपकली गिरने की आशंका सामने आई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। राहत की बात यह रही कि अस्पताल में भर्ती सभी श्रमिक अब खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि जनवरी 2024 में राज्य सरकार ने इंदिरा रसोई योजना का नाम बदलकर श्री अन्नपूर्णा रसोई योजना कर दिया था, हालांकि आमजन अब भी इसे पुराने नाम से ही पहचानते हैं।


