

Bikaner आपणी हथाई न्यूज, शहर की सफाई व्यवस्था का जिम्मा संभालने वाली नगर निगम की अधिकृत फर्म के ट्रैक्टर और कचरा संग्रहण वाहन अब आमजन की सुरक्षा के लिए खतरा बनते नजर आ रहे हैं। पिछले 48 घंटों में इन वाहनों से जुड़ी तीन दुर्घटनाएं सामने आने के बाद शहर में आक्रोश का माहौल है। लगातार हो रहे हादसों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली और संबंधित फर्म की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को नत्थूसर गेट क्षेत्र में सफाई व्यवस्था में लगे एक ट्रैक्टर ने रिटायर्ड बैंककर्मी को टक्कर मार दी। इसी दिन शिवबाड़ी क्षेत्र में भी ट्रैक्टर की टक्कर से दुर्घटना हुई। वहीं, रविवार को पवनपुरी स्थित आर्य हॉस्पिटल के नजदीक एक टिप्पर ने कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में कार में सवार एक बच्ची के सिर पर चोटें आईं। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से शहरवासियों में रोष बढ़ता जा रहा है।

रविवार को पवनपुरी में हुए हादसे की सूचना मिलने पर भाजपा नेता एवं पार्षद डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया तथा पार्षद मनोज विश्नोई मौके पर पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने नगर निगम की अधिकृत फर्म के वाहनों और उनके चालकों से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की मांग उठाई। उनका कहना था कि शहर में सफाई के नाम पर चल रहे वाहनों की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों की गंभीरता से पड़ताल होनी चाहिए।
भाजपा नेता डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया ने कहा कि आमजन की जान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम के सफाई वाहनों से आए दिन दुर्घटनाएं होना बेहद गंभीर विषय है और इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। इस दौरान पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी तीखी नोकझोंक भी हुई।
वहीं, पार्षद मनोज विश्नोई ने वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और वाहनों के जरूरी दस्तावेजों की उपलब्धता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इन वाहनों की जिम्मेदारी लेने वाला कोई नजर नहीं आ रहा है। यही वजह है कि लगातार दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने भी संबंधित फर्म और वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
लगातार हो रहे इन हादसों के बाद अब नगर निगम और संबंधित फर्म की जवाबदेही तय करने की मांग तेज हो गई है। शहरवासियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि सफाई व्यवस्था के नाम पर सड़कों पर दौड़ रहे इन वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आखिर कब ठोस कदम उठाए जाएंगे।



