


आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर में कच्ची बस्तियों और लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों के विकास को लेकर अब स्थानीय नागरिकों ने संगठित रूप से आवाज बुलंद की है। कम्युनिटी वेलफेयर सोसाइटी के संरक्षक राजकुमार किराड़ू के नेतृत्व में विभिन्न बस्तियों के लोगों ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम संभागीय आयुक्त के माध्यम से विस्तृत ज्ञापन भेजकर त्वरित विकास कार्यों की मांग उठाई।
ज्ञापन में कहा गया कि शहर की कई कच्ची बस्तियों और उपेक्षित मोहल्लों में आज भी सड़क, नाली, सीवरेज, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने इसे गंभीर प्रशासनिक उपेक्षा बताते हुए कहा कि आजादी के दशकों बाद भी हजारों परिवार बदहाल परिस्थितियों में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
सोसाइटी द्वारा बंगला नगर, सर्वोदय बस्ती, करमीसर, जंभेश्वर नगर, ओडों का बास, भाटों का बास, राजीव नगर, श्रीरामसर, लेखा बाड़ी, सुजानदेसर, जनता प्याऊ, चौपड़ा बाड़ी, गंगाशहर, खेतेश्वर बस्ती, गोपेश्वर बस्ती और कुम्हारों की मोड़ सहित अनेक इलाकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। ज्ञापन में बताया गया कि अधिकांश क्षेत्रों में सड़कें टूटी हुई या कच्ची हैं, नालियों का अभाव है, सीवरेज व्यवस्था नहीं होने से गंदगी फैल रही है और पेयजल आपूर्ति भी पर्याप्त नहीं है। वहीं स्ट्रीट लाइटों की कमी के चलते रात्रि में लोगों को असुरक्षा और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ज्ञापन में भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14, 21 और 47 का उल्लेख करते हुए कहा गया कि प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण में जीवन जीने का अधिकार है तथा राज्य सरकार का दायित्व है कि वह नागरिकों को आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाए। क्षेत्रवासियों ने कहा कि मौजूदा हालात में इन बस्तियों के लोगों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
सोसाइटी ने मुख्यमंत्री से मांग की कि शहर की सभी कच्ची बस्तियों का विशेष सर्वे करवाकर विकास कार्यों की विस्तृत योजना बनाई जाए। साथ ही पक्की सड़कें, नालियां, सीवरेज लाइन, नियमित पेयजल आपूर्ति और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध करवाई जाएं। ज्ञापन में विकास कार्यों के लिए विशेष बजट जारी करने और समयबद्ध मॉनिटरिंग व्यवस्था लागू करने की मांग भी शामिल रही।
राजकुमार किराड़ू ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं के समाधान को लेकर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने सरकार से बीकानेर की उपेक्षित बस्तियों के लाखों नागरिकों के हित में त्वरित निर्णय लेने की अपील की।उन्होंने बताया कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे को गंभीरता से उठाने के लिए ज्ञापन की प्रतिलिपि केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल तथा राजस्थान सरकार के मंत्री सुमित गोदारा को भी भेजी गई है।
इस दौरान कम्युनिटी वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न बस्तियों के नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कन्हैया लाल भाटी, अनंत नारायण श्रीमाली, दीपक सोलंकी, रफ़ीक, बालकिशन, रजत गहलोत, बसंत भोजक, रामचंद्र ओझा, भंवर खा, शोकिन अली, ओम प्रकाश सुथार, गिरिराज व्यास, नवीन बिस्नोई, संजय सांखला, भगवाना राम, मूलचंद, प्रकाश, कैलाश छींपा, राजेश बिश्नोई, सुनील पंवार, हंसराज, उमैद सिंह और किशन किराड़ू सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।


