Homeखटाखट स्टोरीबीकानेर थिएटर फेस्टिवल: 24 फरवरी से सजेगा रंगमंच का 10वां महापर्व

बीकानेर थिएटर फेस्टिवल: 24 फरवरी से सजेगा रंगमंच का 10वां महापर्व

basic ad

आपणी हथाई न्यूज, शहर में कला और रंगमंच के शौकीनों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। आगामी 24 फरवरी से ‘बीकानेर थिएटर फेस्टिवल’ के 10वें संस्करण का शानदार आगाज होने जा रहा है। विरासत संवर्धन संस्थान, हंसराज डागा चैरिटेबल ट्रस्ट और अनुराग कला केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस उत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। आयोजन से जुड़े मधुसूदन अग्रवाल ने बताया कि इस दशक के पड़ाव पर फेस्टिवल को और भी भव्य बनाने की कोशिश की गई है।

​इस बार महोत्सव का मुख्य आकर्षण राष्ट्रीय स्तर के 10 से अधिक नाटकों का मंचन होगा। खास बात यह है कि बीकानेर के दर्शकों को पहली बार ‘भारत रंग महोत्सव’ (राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय का प्रतिष्ठित उत्सव) के नाटकों को देखने का अवसर मिलेगा। इन नाटकों का निर्देशन राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के वर्तमान व पूर्व निदेशकों और देश के दिग्गज रंग निर्देशकों द्वारा किया गया है।

​फेस्टिवल की सूची में कई कालजयी और चर्चित नाटक शामिल हैं। इनमें देवेंद्र राज अंकुर का ‘उसके हिस्से का प्रेम’, राम गोपाल बजाज का ‘अंधा युग’, चितरंजन त्रिपाठी का ‘विभाजन विभिषिका तमस’ और उषा गांगुली का ‘बायेन’ जैसे नाटक मंचित किए जाएंगे। इसके अलावा ‘मई री में कासे कहूं’, ‘वेटिंग फॉर नसीर’ और ‘ए लड़की’ जैसे नाटकों की प्रस्तुतियां भी दर्शकों का दिल जीतेंगी।

​नाटक मंचन के साथ-साथ यह फेस्टिवल एक संपूर्ण कला उत्सव होगा। फेस्टिवल के संयोजक सुधेश व्यास और परिकल्पना प्रभारी सुरेंद्र धारणिया ने जानकारी दी कि यहाँ ओपन माइक, चित्र प्रदर्शनी और पुस्तक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। बच्चों के लिए विशेष अभिनय कक्षाएं (एक्टिंग वर्कशॉप) लगाई जाएंगी और शहर के विभिन्न हिस्सों में नुक्कड़ नाटक भी दिखाए जाएंगे, ताकि रंगमंच की गूंज हर आम और खास तक पहुँच सके।



ताजा खबर