Homeखटाखट स्टोरीBikaner : पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में आधी रात हंगामा, नर्सिंग स्टाफ ने...

Bikaner : पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में आधी रात हंगामा, नर्सिंग स्टाफ ने किया कार्य बहिष्कार का ऐलान

basic ad

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में सोमवार देर रात उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब सड़क हादसे में दो लोगों की मौत के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा खड़ा हो गया। जानकारी के अनुसार हादसे में मृतक के परिजनों और नर्सिंग स्टाफ के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट के आरोप लगने लगे। नर्सिंग कर्मियों ने आरोप लगाया कि मृतक के पिता ने ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की, जिसके विरोध में उन्होंने ट्रॉमा सेंटर के बाहर धरना शुरू कर दिया।

मामले की सूचना मिलते ही पीबीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बीसी घीया मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नर्सिंग कर्मियों को आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त हुआ और नर्सिंग स्टाफ वापस अपने कार्य पर लौट आया, जिससे अस्पताल की सेवाएं सामान्य हो सकीं।

बताया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार बाइक चलाने और स्टंटबाजी के दौरान हुआ। बाइक सवार युवक नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर पैदल जा रहे लोगों को टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बाइक चला रहे दो युवक मिहिर जैन और घनश्याम भादाणी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में एक मासूम बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा आईसीयू में उपचार जारी है।

घटना के बाद अस्पताल में पहुंचे परिजनों के बीच गुस्सा और तनाव का माहौल बन गया, जिससे विवाद और बढ़ गया। फिलहाल अस्पताल प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

 



ताजा खबर