

आपणी हथाई न्यूज, शिक्षा विभाग द्वारा नियमों के विरुद्ध स्कूल संचालन करने वाली 62 शिक्षण संस्थाओं पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग द्वारा सघन निरीक्षण किया गया।शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने 15 अप्रैल तक एक-एक स्कूल का निरीक्षण किया और उसकी रिपोर्ट तैयार की।इसके बाद रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक को सौंपी गई। जांच में सामने आया कि कई स्कूल बिना जरूरी मान्यता के उच्च कक्षाएं चला रहे थे।वहीं डमी एडमिशन और स्कूल समय में चल रही कोचिंग क्लासेज को लेकर भी विभाग ने रिपोर्ट तैयार की है और इन स्कूलों को नोटिस जारी किया गया है।
इसमें बीकानेर ब्लॉक की 15, लूणकरणसर की 6, श्रीडूंगरगढ़ की 9, नोखा की आठ, खाजूवाला की 6,कोलायत 8, बज्जू खालसा की 4, पूगल,पांचू व हदां की दो-दो स्कूलें शामिल है। विभाग ने 40 से ज्यादा प्राइमरी और अपर प्राइमरी स्कूलों सहित 20 से अधिक सेकेंडरी स्कूलों को नोटिस जारी किए हैं।
शिक्षा विभाग की जांच में सामने आया कि कई स्कूल अपर प्राइमरी की मान्यता होने के बावजूद सेकेंडरी स्तर तक कक्षाएं चला रहे थे।वहीं कुछ सेकेंडरी स्कूल बिना अनुमति सीनियर सेकेंडरी स्तर तक संचालन कर रहे हैं।इन संस्थाओं के पास न तो माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की मान्यता है और न ही राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से स्वीकृति है इसके बावजूद 11वीं और 12वीं की कक्षाएं संचालित की जा रही थीं।
विभाग की जांच में यह भी सामने आया कि बीकानेर शहर के कई कोचिंग संस्थान बिना मान्यता स्कूल समय में नियमित क्लासेज चला रहे हैं।शिक्षा विभाग को इस संबंध में शिकायतें भी मिली हैं। कोचिंग संस्थान स्कूल समय में स्कूल जैसी कक्षाएं संचालित नहीं कर सकते। ऐसे संस्थानों के खिलाफ भी कार्रवाई प्रस्तावित है। इस संबंध में रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है।


