

आपणी हथाई न्यूज, पं बाबू लाल शास्त्री ज्योतिष बोध संस्थान के तत्वावधान में रघुनाथ जी का मन्दिर, रघुनाथ सर कुँआ के पास 11 मई 2026 से 12 जून 2026 तक निःशुल्क रुद्रासष्टाध्यायी (रुद्री) पाठ प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में रुद्री पाठ, शिव पूजा विधि, शिव महिम्न स्तोत्र, शिव तांडव स्तोत्र, रुद्राष्टकम् सहित भगवान शिव से जुड़े विभिन्न स्तोत्रों एवं पूजन पद्धतियों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

शिविर के पोस्टर का लोकार्पण 1008 श्री श्री सर्वेश्वरानन्द जी महाराज एवं दण्डी स्वामी श्री श्रीधरानन्द जी महाराज के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर स्वामी श्री सर्वेश्वरानन्द जी महाराज ने ब्राह्मणों एवं द्विज समाज को नियमित वेदाध्ययन, नित्य संध्या-गायत्री जाप तथा शिव आराधना के महत्व से अवगत कराया। वहीं दण्डी स्वामी श्री श्रीधरानन्द जी महाराज ने कहा कि ब्राह्मण बालकों को वेदों के प्रति निष्ठा रखते हुए रुद्री, मंत्र संहिता, पूजाविधि और संध्या आदि का अध्ययन अवश्य करना चाहिए।
शिविर संयोजक पं राजेन्द्र किराडू ने बताया कि प्रशिक्षण का संचालन पं प्रहलाद व्यास द्वारा किया जाएगा। शिविर प्रतिदिन सायंकाल 6:45 बजे से 8:15 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें रुद्री पाठ के साथ भगवान शिव के विविध स्तोत्रों का अभ्यास भी करवाया जाएगा। पं मुरलीधर पुरोहित ने जानकारी दी कि प्रति वर्ष की भांति इस बार भी निःशुल्क वेदाध्ययन की व्यवस्था की गई है।
विशेष रूप से महिलाओं और बालिकाओं के लिए भी शिविर में भाग लेने का अवसर रखा गया है। सायं 7:45 बजे से वे शिव महिम्नः स्तोत्र, पंचाक्षर स्तोत्र एवं अन्य शिव स्तुतियों का प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगी। पोस्टर लोकार्पण कार्यक्रम में पं देवकी नंदन व्यास, राजकुमार पुरोहित, भवानीशंकर सेठी, किराडू जुगल किशोर, पं हिमांशु किराडू, पं कवि किराडू, श्याम व्यास सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


