Homeखटाखट स्टोरीमोहर्रम को लेकर बीकानेर में हाई अलर्ट, भारी पुलिस बंदोबस्त, कई मार्गों...

मोहर्रम को लेकर बीकानेर में हाई अलर्ट, भारी पुलिस बंदोबस्त, कई मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर सहित देशभर में शनिवार को मोहर्रम का पर्व श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक तरीके से मनाया जाएगा। त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और पूरे दिन विशेष निगरानी रखी जाएगी।

सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि मोहर्रम के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Additional SP), पांच डिप्टी एसपी स्तर के अधिकारी और 15 थाना प्रभारियों (सीआई) की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा राजस्थान आर्म्ड कॉन्स्टेबुलरी (RAC), जिला पुलिस बल तथा यातायात पुलिस के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। प्रमुख जुलूस मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे त्योहार को शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की भी अपील की गई है।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शनिवार शाम 4 बजे से दाऊजी मंदिर रोड, कसाई बारी क्षेत्र, सुभाष मार्ग और शीतला गेट क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। पुलिस ने वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि वे असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।



ताजा खबर