Homeखटाखट स्टोरीBikaner: मंत्री सुमित गोदारा ने सुनी जन समस्याएं, अधिकांश परिवेदनाओं का मौके...

Bikaner: मंत्री सुमित गोदारा ने सुनी जन समस्याएं, अधिकांश परिवेदनाओं का मौके पर ही किया निस्तारण

आपणी हथाई Bikaner न्यूज,खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने मंगलवार को देर शाम तक अपने निवास स्थान पर आयोजित जनसुनवाई में जिले भर से आए सैकड़ों परिवादियों की समस्याएं सुनीं तथा अधिकांश परिवेदनाओं का मौके पर ही निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की। जनसुनवाई के दौरान बिजली, पेयजल, नहर, सड़क, रास्ते तथा अन्य विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं।

जनसुनवाई की विशेषता यह रही कि मंत्री गोदारा ने नंबरिंग प्रणाली के आधार पर परिवादियों की सुनवाई की। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति पहले आता है, उसकी समस्या पहले सुनी जानी चाहिए। इसी पारदर्शी व्यवस्था के कारण आमजन में भी संतोष का भाव रहता है। मंत्री श्री गोदारा ने करीब 400 परिवाद सुने और ज्यादातर का मौके पर ही निस्तरण किया।

मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते आमजन की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अधिक से अधिक जनसुनवाई आयोजित कर लोगों को त्वरित राहत प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां तत्काल अधिकारियों से संपर्क करने की आवश्यकता होती है, वहां संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए जाते हैं, ताकि परिवादी को जल्द से जल्द राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि जीवन में समस्याएं स्वाभाविक हैं, लेकिन शासन की मंशा है कि नागरिकों की परेशानियों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसी उद्देश्य से नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित की जा रही है और आगे भी यह क्रम निरंतर जारी रहेगा।

31 जुलाई को नापासर नगर पालिका में होगी अगली जनसुनवाई

मंत्री गोदारा ने बताया कि अगली जनसुनवाई 31 जुलाई को नापासर नगर पालिका कार्यालय में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस जनसुनवाई में केवल खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ही नहीं, बल्कि सभी विभागों से संबंधित समस्याओं पर भी सुनवाई कर समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व जिले के चारों ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र मुख्यालयों पर भी जनसुनवाई आयोजित की जा चुकी है तथा भविष्य में भी आमजन की सुविधा के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।



ताजा खबर