Homeखटाखट स्टोरीराजस्थान पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: 21 IPS अधिकारियों के तबादले, Bikaner...

राजस्थान पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: 21 IPS अधिकारियों के तबादले, Bikaner सहित कई जिलों के आईजी और जोधपुर पुलिस कमिश्नर बदले

basic ad

आपणी हथाई जयपुर न्यूज,राजस्थान सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए तत्काल प्रभाव से 21 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन किए हैं। कार्मिक विभाग द्वारा 23 फरवरी 2026 को जारी आदेश के अनुसार, इस सूची में कई महत्वपूर्ण पदों पर बैठे अतिरिक्त महानिदेशक (ADG), महानिरीक्षक (IG) और उप महानिरीक्षक (DIG) स्तर के अधिकारियों को इधर-उधर किया गया है। Rajasthan 21 IPS Transfer List

 

 

पुलिस मुख्यालय और ADG स्तर पर प्रमुख बदलाव
पुलिस मुख्यालय स्तर पर अहम जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। डॉ. हवा सिंह घुमरिया को अब अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, मुख्यालय (जयपुर) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, श्री बिपिन कुमार पाण्डेय को अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, अपराध शाखा बनाया गया है। इसके अलावा, श्री प्रफुल्ल कुमार को अतिरिक्त महानिदेशक (इंटेलिजेंस) और श्री एच. जी. राघवेन्द्र सुहासा को अतिरिक्त महानिदेशक (प्रशिक्षण) के पद पर नई नियुक्ति दी गई है।

जोधपुर पुलिस कमिश्नर बदले गए
जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। एस.ओ.जी. में अपनी सेवाएं दे रहे श्री शरत कविराज को अब जोधपुर का नया पुलिस आयुक्त (कमिश्नर) नियुक्त किया गया है। वे श्री ओम प्रकाश-I की जगह लेंगे, जिन्हें अब जयपुर पुलिस आयुक्तालय में विशेष आयुक्त (ऑपरेशन्स) के पद पर स्थानांतरित किया गया है।

जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और कोटा रेंज के IG बदले
राज्य की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण रेंजों के महानिरीक्षक (IG) भी बदले गए हैं:

श्री राहुल प्रकाश को महानिरीक्षक पुलिस, जयपुर रेंज की कमान सौंपी गई है।

श्री सत्येन्द्र सिंह को महानिरीक्षक पुलिस, जोधपुर रेंज बनाया गया है।

श्री ओम प्रकाश-II को महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज का जिम्मा सौंपा गया है।

श्री राजेन्द्र प्रसाद गोयल को महानिरीक्षक, कोटा रेंज नियुक्त किया गया है।

SOG, ATS और ACB सहित अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां

खुफिया और जांच एजेंसियों के प्रभार में भी अहम बदलाव हुए हैं। श्री अजय पाल लांबा को महानिरीक्षक, एस.ओ.जी. (SOG) और श्री विकास कुमार को महानिरीक्षक, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की अहम जिम्मेदारी दी गई है। श्रीमती एस. परिमला को महानिरीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) और श्री राजेश सिंह को महानिरीक्षक, ए.टी.एस. (ATS) बनाया गया है।

वहीं, डॉ. प्रीति चन्द्रा को महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था और प्रशासन) तथा श्री सत्येन्द्र कुमार को मुख्य कार्यकारी अधिकारी, राजस्थान इंस्टीट्यूट फॉर ट्रांसफॉर्मेशन एंड इनोवेशन (RITI) के पद पर नियुक्त किया गया है।

अतिरिक्त कार्यभार
आदेश के अंत में स्पष्ट किया गया है कि श्री बिपिन कुमार पाण्डेय (एडीजी, अपराध शाखा) अपने वर्तमान कार्यभार के साथ-साथ आगामी आदेशों तक अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड) का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे।



ताजा खबर