



आपणी हथाई न्यूज,डागा चौक स्थित श्री नृसिंह जी मंदिर में इस वर्ष नृसिंह चतुर्दशी का उत्सव अत्यंत हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। विशेष बात यह है कि इस वर्ष मंदिर में नृसिंह लीला का शताब्दी वर्ष समारोह आयोजित हो रहा है, जिसे लेकर भक्तों में भारी उत्साह है।
आगामी 30 अप्रैल गुरुवार को वैशाख शुक्ल पक्ष चतुर्दशी के अवसर पर भगवान नृसिंह का प्राकट्य उत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान दोपहर 12 बजे नृसिंह भगवान का विधि-विधान से पंचामृत अभिषेक होगा।अभिषेक के पश्चात प्रभु को नवीन वस्त्र (पोशाक) धारण कराए जाएंगे एवं मोगरा पुष्पों से मनमोहक श्रृंगार किया जाएगा। इसके बाद फलहारी भोग अर्पित होगा।
शाम 6:00 बजे से सूर्यास्त तक प्रभु की अवतार लीला का मंचन होगा। सायं 7:35 बजे भगवान नृसिंह द्वारा प्रतीकात्मक रूप में हिरण्यकश्यप का वध किया जाएगा। वध के पश्चात भक्तों में पंचामृत प्रसाद वितरित होगा। रात 10:00 बजे शयन झांकी के दर्शन होंगे, जिसके बाद मंदिर के समक्ष चौक में प्रभु का भव्य रात्रि जागरण आयोजित किया जाएगा।
शताब्दी वर्ष समारोह के उपलक्ष्य में 01 मई 2026, शुक्रवार (वैशाख पूर्णिमा) को मंदिर में अभूतपूर्व आयोजन होगा। इस दिन प्रभु को 121 से अधिक व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा।


