

आपणी हथाई बीकानेर क्राइम न्यूज, डिजिटल अपराध और साइबर ठगी के खिलाफ बीकानेर पुलिस ने एक बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ के तहत कार्रवाई करते हुए नयाशहर थाना पुलिस ने म्यूल अकाउंट (Mule Account) चलाने वाले गिरोह के दो मुख्य गुर्गों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के कड़े निर्देशों के बाद अंजाम दी गई है।
वृत अधिकारी (नगर) अनुज डाल ने बताया कि 6 अप्रैल को दर्ज एक मामले की गहन तफ्तीश के दौरान पुलिस को आईटी फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग के पुख्ता सबूत मिले थे। इसके बाद थानाधिकारी रोहित चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी जसोलाई निवासी कार्तिक जनागल और पांचू के कुदसू निवासी अशोक मेघवाल को धर दबोचा। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
क्या होते हैं म्यूल अकाउंट?
पुलिस के अनुसार, म्यूल अकाउंट दरअसल वे बैंक खाते होते हैं जिनका उपयोग साइबर अपराधी अवैध धन को सफेद करने या ठगी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए करते हैं। गिरोह के सदस्य भोले-भले लोगों को लालच देकर उनके नाम पर खाते खुलवाते हैं या किराए पर लेते हैं, लेकिन इन खातों का पूरा नियंत्रण असली मास्टरमाइंड के पास होता है। इससे अपराधी खुद पर्दे के पीछे रहकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश करते हैं। फिलहाल पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।


