


आपणी हथाई न्यूज, बच्चों व युवाओं में सनातन धर्म के संस्कारों का संचार हो इसी भाव से पं. बाबूलाल शास्त्री ज्योतिष बोध संस्थान द्वारा 11 मई से 12 जून तक एक माह के लिए ज्योतिष विद्या, रुद्राष्टाध्यायी, शिव महिमन, शिव तांडव एवं रद्राष्टकम पाठ का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। किराड़ू गली स्थित रघुनाथ मंदिर में आयोजित होने वाले इस शिविर का कल वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शुभारंभ हुआ।
संयोजक ज्योतिर्विद पं. राजेन्द्र किराड़ू ने बताया कि रोजाना शाम को आयोजित होने वाले ईस शिविर में 100 से ज्यादा युवा व बच्चों को ज्योतिष विद्या सहित वेद पुराण से जुड़े विभिन्न शास्त्रों के पठन-पाठन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण पंडित प्रहलाद जी व्यास द्वारा दिया जाएगा।
पं. बाबूलाल शास्त्री ज्योतिष बोध संस्थान द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन समारोह में राजस्थान रियल एस्टेट अपीलेट ट्रिब्यूनल के चेयरमैन जस्टिस मदन गोपाल व्यास मौजूद रहे। जस्टिस मदन गोपाल व्यास ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि ज्ञान हमारी सनातन संस्कृति का प्रथम दीप है। जस्टिस व्यास ने पं. बाबूलाल शास्त्री ज्योतिष बोध संस्थान द्वारा आयोजित शिविर की सराहना करते हुए कहा की यह संस्थान विगत कई वर्षों से सनातन संस्कृति के प्रचार में सक्रिय है। उन्होंने संस्थान के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए वैदिक काल से चल रही गुरु शिष्य परंपरा को जीवित रखने के लिए संस्थान से जुड़े सभी सनातन प्रेमियों को साधुवाद दिया।


