


Politics आपणी हथाई न्यूज,राजस्थान विधानसभा के 75वें स्थापना वर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाले अमृत महोत्सव समारोह में बीकानेर की दो प्रमुख राजनीतिक हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। सात बार विधायक रहे एवं पूर्व सिंचाई मंत्री देवीसिंह भाटी तथा लंबे राजनीतिक अनुभव और विधानसभा में प्रभावशाली भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला को वरिष्ठ विधायक सदस्य के रूप में सम्मान प्रदान किया जाएगा।
समारोह के उद्घाटन अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे, जबकि राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं समापन समारोह में देश के उपराष्ट्रपति वरिष्ठ विधायकों का सम्मान करेंगे।
राजस्थान विधानसभा की 75 वर्षों की लोकतांत्रिक यात्रा को समर्पित इस भव्य आयोजन में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अपने अनुभव और समसामयिक विषयों पर विचार भी साझा करेंगे। पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी राजस्थान की राजनीति में अपने लंबे अनुभव और सात बार विधायक चुने जाने के लिए जाने जाते हैं, जबकि डॉ. बी.डी. कल्ला ने भी पांच दशक से अधिक के सार्वजनिक जीवन में शिक्षा और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया है।
बीकानेर के राजनीतिक इतिहास में यह अवसर विशेष महत्व रखता है, क्योंकि प्रदेश की दो प्रमुख राजनीतिक विचारधाराओं का प्रतिनिधित्व करने वाले दोनों वरिष्ठ नेताओं को एक साथ सम्मानित किया जा रहा है। इसे बीकानेर और कोलायत क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है।


