


आपणी हथाई न्यूज, राजस्थान के सरहदी जिले जैसलमेर में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। पकड़े गए युवक की पहचान राजूराम के रूप में हुई है, जो मूलतः बीकानेर के लूणकरणसर का निवासी है और जैसलमेर के नहरी क्षेत्र (नाचना थाना अंतर्गत बहला) में खेती का काम कर रहा था। यह गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश पुलिस से मिले गोपनीय इनपुट के आधार पर की गई है, जिसके बाद सुरक्षा महकमे में हलचल तेज हो गई है।
प्राथमिक जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। आरोपी के मोबाइल की सघन तलाशी के दौरान कई ऐसे सोशल मीडिया ग्रुप्स और प्लेटफॉर्म्स का पता चला है, जो सीधे तौर पर देश विरोधी गतिविधियों और सांप्रदायिक उन्माद फैलाने में संलिप्त हैं। इन ग्रुप्स के जरिए कट्टरता और दंगे भड़काने वाली सामग्री साझा की जा रही थी। वैश्विक स्तर पर ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए भारतीय सीमा सुरक्षा बल और अन्य एजेंसियां पहले ही हाई अलर्ट पर हैं, ऐसे में इस तरह के संदिग्ध का पकड़ा जाना सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर माना जा रहा है।
फिलहाल, संयुक्त पूछताछ केंद्र पर विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके तार और कहां-कहां जुड़े हैं। उसके पास से बरामद डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है ताकि किसी बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।


