आपणी हथाई न्यूज, जयपुर के मानसरोवर स्थित निविक हॉस्पिटल के संचालक डॉ. सोमदेव बंसल की जालसाजी के आरोप में हुई गिरफ्तारी के बाद राजस्थान की चिकित्सा व्यवस्था चरमरा गई है। पुलिस ने धौलपुर मूल के डॉ. बंसल को मरीजों के दस्तावेजों में हेरफेर कर उन्हें आरजीएचएस (RGHS) पोर्टल पर अपलोड करने और सिस्टम का गलत फायदा उठाने के आरोप में रविवार को गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई को डॉक्टर समुदाय के सम्मान और सुरक्षा पर हमला बताते हुए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) राजस्थान ने कड़ा रुख अपनाया है और प्रदेशव्यापी हड़ताल का ऐलान कर दिया है।
आईएमए के सख्त फैसले के बाद प्रदेश के सभी निजी अस्पतालों ने 14 अप्रैल सुबह 8 बजे से 15 अप्रैल सुबह 8 बजे तक (24 घंटे के लिए) अपना कामकाज पूरी तरह बंद कर दिया है। इस दौरान निजी अस्पतालों में सामान्य ओपीडी के साथ-साथ आपातकालीन (इमरजेंसी) सेवाएं भी ठप रहेंगी। इसके अलावा, डॉक्टरों ने आरजीएचएस (RGHS) से जुड़ी सेवाओं को भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया है, जिससे मरीजों और सरकारी कर्मचारियों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। हालांकि, आमजन की सुविधा को देखते हुए सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर इस हड़ताल में शामिल नहीं हैं, लेकिन वे भी अपने स्तर पर विरोध दर्ज करा रहे हैं। डॉक्टरों की मांग है कि सरकार इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर उचित समाधान निकाले।


