Homeबीकानेरधर्मधारा: राम कथा के दौरान उठो सिया श्रृंगार करो, धनुष राम ने...

धर्मधारा: राम कथा के दौरान उठो सिया श्रृंगार करो, धनुष राम ने तोड़ा है… भजनों से गूंजा केसरिया हनुमान मंदिर 

आपणी हथाई न्यूज,शहर के प्रसिद्ध केसरिया हनुमान मंदिर के 82वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य रामकथा महोत्सव में मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और भावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा पंडाल में “उठो सिया श्रृंगार करो, धनुष राम ने तोड़ा है” जैसे मंगलमय भजनों की स्वर लहरियों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। कथा श्रवण करने पहुंचे श्रद्धालु भगवान श्रीराम और माता सीता के दिव्य प्रसंग सुनकर भाव-विभोर हो गए।

रामकथा के मुख्य वक्ता पंडित केशव शुक्ल ने भगवान श्रीराम और माता सीता के प्रथम मिलन का सुंदर वर्णन करते हुए बताया कि जब माता सीता गिरिजा पूजन के लिए जा रही थीं, तभी भगवान श्रीराम ने प्रथम बार उनके दर्शन किए। इस दिव्य प्रसंग का वर्णन सुनते ही कथा पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो उठे।

इसके पश्चात पंडित शुक्ल ने सीता स्वयंवर का प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि स्वयंवर में देश-विदेश के अनेक पराक्रमी राजा और योद्धा शिव धनुष उठाने और तोड़ने के लिए उपस्थित हुए, किंतु कोई भी उस दिव्य धनुष को हिला तक नहीं सका। यह देखकर राजा जनक अत्यंत चिंतित हो उठे। तभी गुरु विश्वामित्र के संकेत पर भगवान श्रीराम आगे बढ़े और सहज भाव से शिव धनुष को उठाकर तोड़ दिया।

जैसे ही धनुष भंग का प्रसंग कथा में आया, पूरा पंडाल जय श्रीराम और सीतामैया की जय के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखने को मिला। कथा के दौरान कई महिलाओं की आंखें नम हो गईं और वे भक्ति भाव में डूबी नजर आईं।

आयोजकों ने बताया कि यह रामकथा 10 मई तक प्रतिदिन आयोजित की जाएगी। कथा का समापन विशेष धार्मिक आयोजनों के साथ होगा। वहीं 11 मई को मंदिर परिसर में सहस्त्र घट अभिषेक का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें एक हजार जल कलशों द्वारा अभिषेक कर मंदिर स्थापना दिवस को भव्य रूप से मनाया जाएगा।

यह जानकारी पंडित अंजनी शुक्ला द्वारा दी गई। उन्होंने बताया कि कथा में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए गर्मी को देखते हुए ठंडे पानी, कूलर एवं अन्य सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि भक्तजन आरामपूर्वक कथा श्रवण कर सकें।

रामकथा महोत्सव में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और मंदिर परिसर भक्ति रस में सराबोर हो रहा है।



ताजा खबर