


आपणी हथाई Bikaner न्यूज,साधुमार्गी जैन सेवा समिति, बीकानेर के तत्वावधान एवं राज देवी जयचंदलाल जी डागा चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से रविवार को सेवा सदन, छबीली घाटी में स्व. श्रीमती राज देवी डागा की स्मृति में विशाल रक्तदान एवं आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार महामंत्र के स्मरण एवं आचार्य श्री रामलाल जी महाराज साहब के जयकारों के साथ हुआ। राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय, पी.बी.एम. हॉस्पिटल एवं योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केन्द्र के सहयोग से आयोजित शिविर में 115 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। रक्तदान में युवाओं ने विशेष उत्साह के साथ भाग लिया।
शिविर में आयुर्वेद विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सैकड़ों मरीजों की जांच कर निःशुल्क परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराईं। साथ ही पौष्टिक आहार कार्यशाला में 20 से अधिक स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन एवं पौष्टिक पेय बनाने की विधियों का लाइव प्रदर्शन किया गया, जिसका लाभ बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने उठाया।
समता युवा संघ के अध्यक्ष दिवेश सुखलेचा ने बताया कि कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। समता युवा संघ, समता महिला मंडल, समता बहू मंडल, जैन महिला मंडल एवं अन्य संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने शिविर को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में नवीन कोठारी एवं संजीव सांड का विशेष योगदान रहा।
अंत में साधुमार्गी संघ के अध्यक्ष कन्हैयालाल बैद एवं समिति पदाधिकारियों ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, सहयोगी संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।


