HomeबीकानेरBikaner: विप्र फाउंडेशन के प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण...

Bikaner: विप्र फाउंडेशन के प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई आयोजित

basic ad

आपणी हथाई Bikaner न्यूज,विप्र फाउंडेशन की पुष्कर घोषणा के पश्चात गठित नवीन संगठनात्मक संरचना के अंतर्गत क्षेत्रीय संगठन महामंत्री डॉ. धीरज शर्मा के बीकानेर प्रवास पर प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुष्कर घोषणा के क्रियान्वयन, संगठन विस्तार, सेवा परियोजनाओं एवं आगामी कार्ययोजना पर व्यापक चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. धीरज शर्मा ने कहा कि पुष्कर घोषणा विप्र फाउंडेशन के भविष्य का मार्गदर्शक दस्तावेज है, जिसके माध्यम से संगठन को अधिक सक्रिय, प्रभावी एवं जनसेवा के लिए समर्पित बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार मार्गदर्शन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण तथा सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक संगठन की पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि विप्र फाउंडेशन केवल किसी एक वर्ग के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ मिलकर राष्ट्रीय उत्थान के लिए कार्य करेगा। समाज की प्रतिभाओं, युवाओं, महिलाओं, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्योगपतियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों को संगठन से जोड़कर सेवा की नई मिसाल स्थापित की जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से पुष्कर घोषणा के प्रत्येक बिंदु को धरातल पर उतारने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय सचिव भंवर पुरोहित ने कहा कि किसी भी समाज का भविष्य उसकी युवा पीढ़ी तय करती है। इसलिए युवाओं के व्यक्तित्व विकास, संस्कार, शिक्षा, कौशल विकास एवं नेतृत्व निर्माण के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने सेवा, संगठन और समर्पण की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

प्रदेश अध्यक्ष धनसुख सारस्वत ने कहा कि पुष्कर घोषणा के माध्यम से संगठन को नई ऊर्जा, नई दिशा और नई कार्यशैली प्राप्त हुई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश की सभी इकाइयाँ समन्वय के साथ कार्य करते हुए सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएंगी तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाएंगी।

बैठक में संगठनात्मक विस्तार, सदस्यता अभियान, सेवा प्रकल्पों के संचालन, महिला एवं युवा प्रकोष्ठ की सक्रिय भूमिका, नियमित प्रशिक्षण, समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों के प्रोत्साहन, स्वास्थ्य शिविर, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रमों को गति देने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। आगामी महीनों में प्रदेशभर में सेवा एवं जनजागरण आधारित कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश संगठन महामंत्री दीपक हर्ष ने करते हुए सभी पदाधिकारियों से संगठन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु समन्वित रूप से कार्य करने का आह्वान किया। अंत में जिला संगठन महामंत्री अमित व्यास ने सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

बैठक में नारायण पारीक, प्रो. जुगल सेवग, चंद्रकला आचार्य, मीनाक्षी भदानी, ललिता हर्ष सहित प्रदेश एवं जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



ताजा खबर