Homeखटाखट स्टोरीस्पोर्ट्स : 7 साल के ईशांक सिंह ने रचा इतिहास, पाक स्ट्रेट...

स्पोर्ट्स : 7 साल के ईशांक सिंह ने रचा इतिहास, पाक स्ट्रेट पार कर बने दुनिया के सबसे कम उम्र के तैराक

आपणी हथाई न्यूज, झारखंड की राजधानी Ranchi के नन्हे तैराक ईशांक सिंह ने अपनी अद्भुत प्रतिभा और हौसले से पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। महज 7 साल की उम्र में ईशांक ने श्रीलंका के तलाईमन्नार से भारत के धनुषकोडी तक फैले 29 किलोमीटर लंबे दुर्गम पाक स्ट्रेट को तैरकर पार कर नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया है। उन्होंने यह कठिन सफर केवल 9 घंटे 50 मिनट में पूरा कर इतिहास रच दिया।

ईशांक को उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए Universal Records Forum की ओर से ‘द यंगेस्ट एंड फास्टेस्ट पाक स्ट्रेट स्वीमर’ का वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करने वाले ईशांक अब दुनिया के सबसे कम उम्र के तैराक बन गए हैं जिन्होंने पाक स्ट्रेट पार किया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड तमिलनाडु के तैराक जय जसवंत के नाम दर्ज था, जिन्होंने वर्ष 2019 में 10 साल की उम्र में इस समुद्री मार्ग को 10 घंटे 30 मिनट में पार किया था। ईशांक ने उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली (Jawahar Vidya Mandir Shyamali) में तीसरी कक्षा के छात्र ईशांक ने इस चुनौती के लिए लगातार कड़ी मेहनत की। उन्होंने रांची के धुर्वा डैम में रोजाना 4 से 5 घंटे अभ्यास कर खुद को इस कठिन मिशन के लिए तैयार किया। प्रशिक्षक अमन जायसवाल और बजरंग कुमार के मार्गदर्शन में उन्होंने विशेष प्रशिक्षण हासिल किया और अपने लक्ष्य तक पहुंचे।

ईशांक की इस उपलब्धि पर पूरे झारखंड में खुशी की लहर है। Sanjay Seth ने भी सोशल मीडिया पर बधाई देते हुए उन्हें “रांची का नन्हा लाल” बताया और कहा कि ईशांक ने अपने साहस, अनुशासन और समर्पण से देश का मान बढ़ाया है। उनकी यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन गई है।



ताजा खबर