

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर शहर में पिछले करीब एक महीने से चल रहे पेयजल संकट के बीच अब लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जलदाय विभाग के अधिकारियों के अनुसार यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो आगामी दिनों में शहर में नियमित जलापूर्ति दोबारा शुरू हो सकती है। बीछवाल और शोभासर जलाशयों तक पानी पहुंचाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है, जिससे शहरी क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक नहर से छोड़ा गया पानी अभी तक पूरी तरह जलाशयों तक नहीं पहुंच पाया है। पानी की धीमी गति और नहर के कई हिस्सों में पानी की कमी के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी कारणों और पानी के बहाव में कमी के चलते देरी हुई, लेकिन अब हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हैं।
अधिकारियों के अनुसार बीछवाल जलाशय में जल्द पानी की आवक शुरू होने की संभावना है, वहीं शोभासर जलाशय तक भी पानी पहुंचाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गजनेर लिफ्ट कैनाल के जरिए पानी आगे बढ़ाया जाएगा, जिसके बाद शहर के विभिन्न इलाकों में नियमित सप्लाई बहाल होने की उम्मीद है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में जल संकट काफी हद तक कम हो जाएगा।


