Homeखटाखट स्टोरीRajasthan Weather : नौतपा से पहले ही तपने लगा प्रदेश, बीकानेर समेत...

Rajasthan Weather : नौतपा से पहले ही तपने लगा प्रदेश, बीकानेर समेत कई जिलों में लू का बढ़ा कहर

आपणी हथाई न्यूज, राजस्थान में भीषण गर्मी ने मई के आखिरी दिनों से पहले ही अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। 25 मई से शुरू होने वाले नौतपा से पहले ही प्रदेश के कई हिस्से आग उगल रहे हैं। मंगलवार को राज्य के 14 जिलों में लू का असर देखने को मिला, जबकि मौसम विभाग ने बुधवार के लिए 16 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा। दिन के साथ रात में भी गर्मी का असर बढ़ेगा और ऊष्ण रात्रि लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। पश्चिमी राजस्थान में बीकानेर, चूरू, जैसलमेर और फलोदी जैसे जिलों में तेज गर्म हवाओं और धूलभरी आंधियों का दौर जारी रहने की संभावना है। बीकानेर में दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा है और बाजारों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है।

इस बार नौतपा की शुरुआत 25 मई से होगी और यह 2 जून तक रहेगा। ज्योतिष और मौसम विज्ञान दोनों दृष्टि से यह समय साल का सबसे गर्म दौर माना जाता है। नौतपा के दौरान सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है, जिससे तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार नौतपा के दौरान पश्चिमी राजस्थान में तापमान 47 डिग्री तक पहुंच सकता है।

प्रदेश में मंगलवार को नौ जिलों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान चित्तौड़गढ़ में 46.3 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं बीकानेर संभाग में भी गर्मी लगातार तेज बनी हुई है। हालांकि बाड़मेर, जो आमतौर पर सबसे गर्म शहरों में गिना जाता है, वहां तापमान 43.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने की संभावना जताई है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

कब होगी मानसून की एंट्री ?

मॉनसून को लेकर भी राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के आसपास केरल तट से टकराने के बाद धीरे-धीरे उत्तर भारत की ओर बढ़ेगा। राजस्थान में मानसून के 20 जून के आसपास डूंगरपुर-बांसवाड़ा क्षेत्र से प्रवेश करने की संभावना जताई गई है। इसके बाद जून के आखिरी सप्ताह तक मानसून राज्य के कई हिस्सों में सक्रिय हो सकता है।

 



ताजा खबर