

आपणी हथाई न्यूज,बोमन ईरानी (Boman Irani)की जिंदगी संघर्ष, मेहनत और सपनों को सच करने की ऐसी कहानी है, जो हर किसी को प्रेरित करती है। आज बॉलीवुड में अपनी दमदार एक्टिंग और शानदार कॉमिक टाइमिंग के लिए पहचाने जाने वाले इस अभिनेता ने फिल्मी दुनिया में कदम तब रखा, जब कई कलाकार सुपरस्टार बन चुके थे। लेकिन देर से शुरू हुए उनके सफर ने उन्हें भारतीय सिनेमा के सबसे यादगार अभिनेताओं में शामिल कर दिया।
2 दिसंबर 1959 को मुंबई में जन्मे इस अभिनेता ने बचपन से ही कठिन परिस्थितियों का सामना किया। उनके जन्म से पहले ही पिता का निधन हो गया था, जिसके बाद उनकी मां ने अकेले ही परिवार की जिम्मेदारी संभाली। बचपन में उन्हें डिस्लेक्सिया जैसी सीखने से जुड़ी समस्या से भी जूझना पड़ा, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी।
पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने मुंबई के प्रसिद्ध Taj Mahal Palace Hotel में वेटर और रूम सर्विस स्टाफ के तौर पर काम किया। हालांकि, मां के एक्सीडेंट के बाद उन्हें परिवार का पुश्तैनी कारोबार संभालना पड़ा। करीब 14 वर्षों तक उन्होंने दुकान चलाई और परिवार की जिम्मेदारियां निभाईं। इसी दौरान उनकी शादी हुई और वे पिता भी बने।
जिंदगी के इस लंबे संघर्ष के बीच उन्हें हमेशा महसूस होता रहा कि उनका असली सपना अभी अधूरा है। एक दोस्त के कहने पर उन्होंने विज्ञापन फिल्मों के लिए ऑडिशन देना शुरू किया और यहीं से उनकी जिंदगी ने नया मोड़ लिया। छोटे-छोटे प्रोजेक्ट्स करते हुए उनकी प्रतिभा निर्देशक Vidhu Vinod Chopra की नजर में आई और उन्हें फिल्म Munna Bhai M.B.B.S. में डॉ. अस्थाना का किरदार मिला।
यह फिल्म उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई। इसके बाद उन्होंने 3 Idiots, PK, Don, Housefull और Happy New Year जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में अपनी शानदार अदाकारी से दर्शकों का दिल जीत लिया।आज यह अभिनेता उन कलाकारों में गिने जाते हैं, जिन्होंने यह साबित किया कि सफलता उम्र की मोहताज नहीं होती। उनका सफर उन सभी लोगों के लिए प्रेरणा है, जो जिंदगी में देर से शुरुआत करने से डरते हैं।


