


आपणी हथाई न्यूज,बीकानेर के व्यस्ततम केईएम रोड स्थित रतन बिहारी पार्क के पास उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी और ठेला चालक आपस में भिड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बात इतनी बिगड़ गई कि तैश में आए पुलिसकर्मी ने ठेले वाले का वजन तोलने वाला कांटा (तराजू) उठाकर जमीन पर पटक दिया। इस दौरान दोनों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई, जिसे वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। घटना का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी और ठेले वाले के बीच तीखी नोकझोंक और तनावपूर्ण माहौल साफ देखा जा सकता है। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना के बाद आक्रोशित अन्य ठेला संचालकों ने ट्रैफिक पुलिस पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि कुछ पुलिसकर्मी उनसे रोजाना 200 से 400 रुपये की ‘एंट्री’ वसूलते हैं, और पैसे न देने पर सामान जब्त करने या ठेला हटाने की धमकी देते हैं। हालांकि, यह भी सच है कि केईएम रोड पर बेतरतीब खड़े ठेलों से अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है जिससे आमजन परेशान होते हैं, लेकिन इस तरह की सार्वजनिक हाथापाई और भ्रष्टाचार के आरोपों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो और वसूली के इन गंभीर आरोपों के बाद अब स्थानीय लोग और ठेला संचालक इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।


