

आपणी हथाई न्यूज, बॉलीवुड में इन दिनों अलग विषयों पर आधारित फिल्मों का दौर चल रहा है और अब निर्देशक ऋत्विक पारीक (Ritwik Pareek) अपनी डेब्यू फिल्म ‘डुग डुग’ के जरिए दर्शकों के सामने एक अनोखी कहानी लेकर आ रहे हैं। कॉमेडी, मिस्ट्री और सटायर से भरपूर यह फिल्म 8 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर खास चर्चा इसलिए भी है क्योंकि इसे अनुराग कश्यप, निखिल अडवाणी, विक्रमादित्य मोटवानी और वासन बाला जैसे बड़े नामों का समर्थन मिला है।
फिल्म की कहानी एक छोटे गांव के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां एक व्यक्ति की मौत के बाद उसकी मोटरसाइकिल रहस्यमयी तरीके से दोबारा उसी जगह दिखाई देती है। गांव के लोगों को विश्वास हो जाता है कि यह बाइक मनोकामनाएं पूरी करती है। धीरे-धीरे लोग बाइक की पूजा करने लगते हैं और उसे शराब चढ़ाने जैसी अजीब परंपराएं शुरू हो जाती हैं। देखते ही देखते यह विश्वास एक बड़े धार्मिक कारोबार का रूप ले लेता है। फिल्म आस्था, अंधविश्वास और समाज की मानसिकता पर व्यंग्य करती नजर आएगी।
‘डुग डुग’ में अल्ताफ खान, योगेंद्र सिंह परमार, गौरव सोनी, और दुर्गा लाल सैनी अहम किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ, जिसमें गांव की रहस्यमयी घटनाओं और व्यंग्यात्मक माहौल की झलक देखने को मिली। खास बात यह है कि फिल्म को अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में भी सराहना मिल चुकी है। फ़िल्म की एक और बात करे तो यह कहानी राजस्थान के पाली जिलें के ओम बन्ना की जीवन से मिलती जुलती है हालांकि अभी तक इस फ़िल्म को लेकर ऐसा कोई दावा नही किया गया है।


