

आपणी हथाई न्यूज, बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। अपनी इस स्पीच में किंग खान ने 26/11 आतंकवादी हमले, पहलगाम हमले और हाल ही में हुए दिल्ली ब्लास्ट के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय सैनिकों के साहस और बहादुरी को सलाम भी किया।
न्यूज एजेंसी एएनआई ने एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में शाहरुख हाथ में माइक लिए स्टेज पर नजर आए। इस दौरान उन्होंने कहा, “26/11, पहलगाम आतंकवादी हमला और हाल ही में हुए दिल्ली ब्लास्ट में अपने प्राणों की आहुति देने वाले बेगुनाह लोगों को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि और इन हमलों में शहादत पाने वाले हमारे वीर सुरक्षा कर्मियों को मेरा सादर नमन।”
खान ने कहा, “आज देश के बहादुर सिपाहियों और जवानों के लिए मुझे कहा गया है ये चार लाइनें कहना जो बहुत ही खूबसूरत है, तो ध्यान से सुनिएगा प्लीज। जब कोई पूछे तुमसे कि क्या करते हो… तो सीना ठोक कर कहना मैं देश की रक्षा करता हूं। पूछे अगर कोई कि कितना कमा लेते हो… हल्के से मुस्कुरा कर कहना 140 करोड़ लोगों की दुआएं कमा लेता हूं और अगर मुड़कर फिर भी पूछे तुमसे कि कभी डर नहीं लगता, तो आंख से आंख मिलाकर कहना जो हम पे हमला करते हैं उनको लगता है।”
शाहरुख ने अपनी स्पीच में आगे कहा, “आज ग्लोबल पीस ऑनर्स के इस मौके पर मैं पूरे देश की तरफ से शहीदों के परिवारों को भी सलाम करता हूं। उन मांओं को सलाम करना चाहता हूं, जिनकी कोख ने इन बहादुर बेटों को जन्म दिया। उनके पिता के जज्बे को सलाम करना चाहता हूं। उनके पार्टनर्स के हौसले को सलाम करना चाहता हूं, क्योंकि जंग में वो थे पर लड़ाई आप सब ने भी लड़ी वो भी बेहद हिम्मत और जांबाजी के साथ। आप सबको मेरा दिल से सलाम।”


