


बॉलीवुड आपणी हथाई न्यूज, बिहार के गोपालगंज जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर कथित रूप से जानलेवा हमला किया गया। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के चलते कुछ लोगों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए बिजेंद्र नाथ तिवारी लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल तथा घटनास्थल के आसपास जुट गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी तत्काल सक्रिय हो गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर मुख्य संदिग्ध आरोपी की पहचान कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि हमले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू से घटना की पड़ताल कर रही है।


