Homeखटाखट स्टोरीदुनियादारी : वेट्रेस के भेष में चीनी जासूस ! इलोन मस्क और...

दुनियादारी : वेट्रेस के भेष में चीनी जासूस ! इलोन मस्क और डोनाल्ड ट्रम्प की चीन दौरे पर हुई जासूसी ? पढ़े पूरी खबर

आपणी हथाई न्यूज, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (Donald Trump) और इलोन मस्क (Elon Musk) के चीन दौरे से जुड़ा एक नया विवाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि स्टेट डिनर के दौरान एलन मस्क के पीछे खड़ी दिखाई देने वाली एक वेट्रेस वास्तव में चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) की वरिष्ठ अधिकारी मेजर चेंग चेंग थीं। इस दावे के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है और कई तरह के सवाल खड़े होने लगे हैं।

चीनी मामलों पर टिप्पणी करने वाली ब्लॉगर जेनिफर जेंग ने कई पोस्ट साझा करते हुए आरोप लगाया कि भोज में सर्विस कर रही महिला कोई साधारण स्टाफ सदस्य नहीं, बल्कि चीनी कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़ी और पीएलए ऑनर गार्ड सेरेमोनियल ब्रिगेड की बटालियन कमांडर मेजर चेंग चेंग हैं। उन्होंने कुछ तस्वीरें भी शेयर कीं, जिनमें कथित तौर पर वही महिला सैन्य वर्दी में नजर आ रही हैं। जेंग ने यह तक दावा कर दिया कि महिला ने अपनी वर्दी के नीचे किसी तरह का हथियार या संदिग्ध वस्तु छिपा रखी हो सकती थी।

कौन है चेंग चेंग

चेंग चेंग चीन की सेना में एक चर्चित चेहरा रही हैं। शेडोंग प्रांत में जन्मी चेंग ने कम उम्र में सेना जॉइन की थी और बाद में पीएलए की प्रतिष्ठित ऑनर गार्ड यूनिट का हिस्सा बनीं। वे चीन की पहली महिला ऑनर गार्ड कमांडर के रूप में भी पहचान रखती हैं। कई बड़े राष्ट्रीय समारोहों और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में उन्होंने नेतृत्व किया है। इसके अलावा वे चीन की नेशनल पीपुल्स कांग्रेस की सदस्य भी रह चुकी हैं।

हालांकि, इन दावों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। न तो चीन सरकार की ओर से कोई बयान आया है और न ही स्वतंत्र एजेंसियों ने तस्वीरों में दिखाई दे रही महिला की पहचान की पुष्टि की है। जेनिफर जेंग इससे पहले भी चीन को लेकर कई विवादित दावे कर चुकी हैं, जिनमें से कई सार्वजनिक रूप से साबित नहीं हो पाए थे। इसी वजह से इस मामले को लेकर भी कई विशेषज्ञ सावधानी बरतने की बात कह रहे हैं।

सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह दावा सही साबित होता है तो यह बेहद गंभीर मामला माना जाएगा। किसी सक्रिय सैन्य अधिकारी का विदेशी नेताओं और उद्योगपतियों की मौजूदगी वाले राज्य भोज में सामान्य स्टाफ के रूप में शामिल होना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन सकता है। वहीं कुछ जानकार इसे केवल सोशल मीडिया पर फैलाया गया अपुष्ट दावा भी बता रहे हैं।

फिलहाल यह मामला पूरी तरह से अटकलों और सोशल मीडिया दावों पर आधारित है। चीन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया आने के बाद ही तस्वीर साफ हो पाएगी कि यह महज अफवाह है या फिर किसी बड़े राजनयिक और सुरक्षा विवाद की शुरुआत।

 



ताजा खबर