Homeखटाखट स्टोरीदेश-दुनिया : महाविनाश का खतरा टला ? ट्रंप ने ईरान पर 2...

देश-दुनिया : महाविनाश का खतरा टला ? ट्रंप ने ईरान पर 2 हफ्ते के लिए रोकी बमबारी, होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने की शर्त पर बनी सहमति

आपणी हथाई न्यूज, अमेरिका और ईरान के बीच चरम पर पहुंचे सैन्य तनाव के बीच दुनिया के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी तय समय-सीमा खत्म होने से महज दो घंटे पहले ईरान पर होने वाले बड़े हमले को टाल दिया है। मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) को ट्रंप ने ऐलान किया कि वह ईरान के साथ दो सप्ताह के अस्थायी युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। इससे पहले ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर उनकी डेडलाइन (भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 बजे) पार हुई, तो वह भयानक तबाही मचाएंगे। व्हाइट हाउस ने पुष्टि की है कि अमेरिका के सहयोगी इजरायल ने भी इस सीजफायर का समर्थन किया है।

पाकिस्तान की मध्यस्थता और अमेरिका की सख्त शर्त
इस बड़े घटनाक्रम में पाकिस्तान की कूटनीतिक भूमिका अहम रही। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने उनसे बातचीत कर हमले रोकने की गुजारिश की थी। इसी अपील के बाद अमेरिका ने युद्धविराम का फैसला लिया। हालांकि, ट्रंप ने स्पष्ट किया कि यह सीजफायर इस कड़ी शर्त पर लागू होगा कि ईरान तुरंत और सुरक्षित तरीके से ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ (Strait of Hormuz) को व्यापार और आवाजाही के लिए पूरी तरह से खोल दे।

सैन्य लक्ष्य पूरे, 10-सूत्रीय प्रस्ताव पर होगी चर्चा
हमला रोकने का कारण बताते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिका ने अपने सभी सैन्य उद्देश्यों को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया है और अब वे मध्य-पूर्व में दीर्घकालिक शांति की ओर बढ़ रहे हैं। ट्रंप ने खुलासा किया कि उन्हें ईरान की तरफ से एक 10-सूत्रीय शांति प्रस्ताव मिला है, जो आगे की बातचीत के लिए एक मजबूत आधार बन सकता है। उनका मानना है कि अमेरिका और ईरान के बीच पुराने विवादित मुद्दों पर सहमति बन चुकी है और यह दो सप्ताह का समय इस ऐतिहासिक समझौते को अंतिम रूप देने के लिए बेहद जरूरी है।

इजरायल ने भी रोके हमले
ईरान के खिलाफ इस अस्थायी शांति प्रक्रिया में इजरायल भी अमेरिका के साथ खड़ा नजर आ रहा है। सीएनएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इजरायल भी इस दो सप्ताह के सीजफायर का हिस्सा है। जब तक कूटनीतिक बातचीत और समझौते की प्रक्रिया चलेगी, तब तक इजरायल भी ईरान पर कोई बमबारी नहीं करेगा।

 



ताजा खबर