Homeखटाखट स्टोरीBollywood : महाप्रभु जगन्नाथ की दिव्य गाथा अब बड़े पर्दे पर, 300...

Bollywood : महाप्रभु जगन्नाथ की दिव्य गाथा अब बड़े पर्दे पर, 300 से अधिक सिनेमाघरों में होगा एक साथ रिलीज

आपणी हथाई बॉलीवुड न्यूज,पौराणिक और धार्मिक फिल्मों के बढ़ते दौर के बीच अब भगवान जगन्नाथ की पावन कथा भी सिनेमाघरों तक पहुंचने जा रही है। ‘महावतार नरसिम्हा’ और ‘कृष्णावतारम’ जैसी फिल्मों के बाद अब दर्शकों को एक नई आध्यात्मिक और सांस्कृतिक यात्रा पर ले जाने के लिए एनिमेटेड फिल्म ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ तैयार है। यह फिल्म प्रभु जगन्नाथ की महिमा, परंपराओं और उनसे जुड़ी लोक आस्थाओं को आधुनिक एनीमेशन तकनीक के जरिए बड़े पर्दे पर पेश करेगी।

फिल्म का निर्माण एले एनीमेशन्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है, जिसने पहले टीवी पर प्रसारित अपने लोकप्रिय शो ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी। अब इसी सफल सीरीज को मल्टी-लिंगुअल थिएट्रिकल फिल्म के रूप में रिलीज किया जाएगा। फिल्म हिंदी, ओड़िया और तेलुगु भाषाओं में देशभर के 300 से अधिक सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।

निर्माताओं के अनुसार, इस फिल्म का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और भगवान जगन्नाथ की दिव्य कथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है। एले एनीमेशन्स के दुर्गा प्रसाद दलई ने बताया कि उनकी टीम का सपना था कि एनीमेशन के माध्यम से प्रभु जगन्नाथ की गाथा हर परिवार तक पहुंचे। टीवी सीरीज को मिले शानदार समर्थन के बाद इसे बड़े स्तर पर सिनेमाघरों में लाने का फैसला लिया गया। हालांकि फिल्म की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान अभी नहीं किया गया है।

बताया जा रहा है कि ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ केवल एक फिल्म नहीं बल्कि एक बड़ी पौराणिक फ्रेंचाइजी की शुरुआत है। आने वाले समय में भगवान शिव, हनुमान, गणेश, देवी काली और देवी दुर्गा जैसे कई देवी-देवताओं की कथाओं पर भी एनिमेटेड फिल्में बनाई जाएंगी। इससे भारतीय पौराणिक कथाओं को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

 



ताजा खबर