

आपणी हथाई न्यूज,मलयालम फिल्म इंडस्ट्री से बेहद दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय अभिनेता Santosh Nair का 65 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले वह एक गंभीर सड़क हादसे का शिकार हो गए थे। पठानमथिट्टा के एनाथ इलाके के पास उनकी कार की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई थी, जिसमें वह और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

हादसे के तुरंत बाद दोनों को अदूर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। परिवार और फैंस को उम्मीद थी कि संतोष नायर जल्द स्वस्थ होकर घर लौटेंगे, लेकिन इलाज के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस हादसे में उनकी पत्नी राजलक्ष्मी भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। फिलहाल उनका इलाज जारी है और उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। संतोष नायर के निधन की खबर सामने आने के बाद मलयालम फिल्म जगत और उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर फैंस और कलाकार उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।


